राष्ट्रीय

New BJP President: BJP का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित, नितिन नवीन बने पार्टी के नए वर्किंग प्रेसिडेंट

New BJP President: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन को पार्टी का नया कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे अब जेपी नड्डा के पदभार संभालने के बाद पार्टी की जिम्मेदारियों का संचालन करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव द्वारा जारी पत्र में कहा गया, “भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तुरंत प्रभाव से लागू होगी।” इस नियुक्ति के साथ ही नितिन नवीन अब पार्टी के संगठनात्मक कामकाज को और मजबूती देने के लिए जिम्मेदार होंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नवीन को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने X (पूर्व ट्विटर) पर साझा किए गए पोस्ट में कहा, “नितिन नवीन जी ने बीजेपी में एक मेहनती और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में खुद को स्थापित किया है। वे युवा, ऊर्जावान और अनुभवी नेता हैं, जिन्होंने बिहार में कई बार विधायक और मंत्री के रूप में जनता की सेवा की है।” प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “उनकी विनम्रता और जमीन से जुड़ी कार्यशैली उन्हें और भी प्रभावशाली बनाती है। मुझे विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और प्रतिबद्धता आगामी समय में हमारी पार्टी को और मजबूत करेगी। उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर दिल से बधाई और शुभकामनाएं।”

केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने भी नितिन नवीन को बधाई दी। उन्होंने कहा, “बिहार की धरती से आए युवा और ऊर्जावान नेता नितिन नवीन को बीजेपी का कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर हार्दिक बधाई। वे मेहनती और दूरदर्शी नेता हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायक नेतृत्व में, वे निश्चित रूप से पार्टी को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएंगे। उनके कार्यकाल की सफलता के लिए ढेरों शुभकामनाएं।”

बिहार में गौरव का दिन: दिलीप जयसवाल का संदेश

बिहार बीजेपी राज्य अध्यक्ष दिलीप जयसवाल ने नितिन नवीन को कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर बधाई देते हुए इसे पार्टी और राज्य के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा, “आज का दिन भारतीय जनता पार्टी के लिए ऐतिहासिक है कि बिहार की धरती से किसी को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। यह न केवल हमारे लिए, बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है। बिहार और बिहार बीजेपी की ओर से उन्हें इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई।” उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व की भी सराहना करते हुए कहा कि इस सम्मान के जरिए बिहार को आज नई पहचान मिली है।

नितिन नवीन कौन हैं?

नितिन नवीन, बिहार सरकार में PWD (सड़क निर्माण) मंत्री हैं और कायरस्थ समुदाय से संबंधित हैं। वे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से पांचवीं बार विधायक बने हैं। उनका राजनीतिक सफर उनके पिता की मृत्यु के बाद शुरू हुआ। 2006 में उन्होंने उपचुनाव जीतकर विधानसभा में कदम रखा और इसके बाद 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार जीत दर्ज की। उन्हें पहली बार 9 फरवरी 2021 को नितीश कुमार सरकार के कैबिनेट विस्तार के दौरान सड़क निर्माण मंत्री बनाया गया। नितिन नवीन को उनकी मेहनत, जनता के प्रति समर्पण और संगठनात्मक क्षमता के लिए जाना जाता है, और अब उनका कार्यकारी अध्यक्ष बनना बीजेपी के लिए एक नई ताकत और रणनीतिक मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button