BJP National President: नितिन नवीन बने BJP के वर्किंग प्रेसिडेंट, PM मोदी ने उनकी कार्यकुशलता की तारीफ की

BJP National President: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार सरकार के मंत्री नितिन नविन को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए पोस्ट में कहा कि नितिन नविन ने स्वयं को भाजपा का एक मेहनती और समर्पित कार्यकर्ता साबित किया है। वे एक युवा और समर्पित नेता हैं, जिनके पास संगठनात्मक अनुभव का समृद्ध भंडार है। बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल प्रभावशाली रहा है और उन्होंने बिहारवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने में पूरी निष्ठा और मेहनत दिखाई है।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि नितिन नविन अपनी विनम्रता और जमीन से जुड़े दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नितिन नविन की ऊर्जा और प्रतिबद्धता पार्टी को भविष्य में और मजबूत बनाएगी। पीएम मोदी ने उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं और आशा जताई कि वे पार्टी को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में सफल होंगे।
Shri Nitin Nabin Ji has distinguished himself as a hardworking Karyakarta. He is a young and industrious leader with rich organisational experience and has an impressive record as MLA as well as Minister in Bihar for multiple terms. He has diligently worked to fulfil people’s…
— Narendra Modi (@narendramodi) December 14, 2025
केंद्रीय नेताओं की बधाइयां: अमित शाह और राजनाथ सिंह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी नितिन नविन को इस नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि चाहे वे भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव रहे हों, बिहार में राज्य अध्यक्ष रहे हों, या छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक प्रभारी रहे हों, उन्होंने हर जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और सफलता के साथ निभाई है। पांच बार विधायक और बिहार सरकार में मंत्री के रूप में उनका अनुभव संगठन और जनता के बीच उन्हें और मजबूत बनाता है। इसके अलावा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी नितिन नविन को युवा और ऊर्जावान नेता बताते हुए उनकी सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के प्रेरक नेतृत्व में नितिन नविन भाजपा को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में सफल होंगे।
नितिन नविन कौन हैं? राजनीतिक सफर और उपलब्धियां
नितिन नविन, बिहार सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री हैं और कायेस्थ समुदाय से संबंधित हैं। उन्होंने इस बार बांकिपुर विधानसभा सीट से पांचवीं बार विधायक का पद जीता। उनका राजनीतिक सफर 2006 के उपचुनाव से शुरू हुआ, जब उन्होंने अपने पिता नविन किशोर सिन्हा की राजनीतिक विरासत को संभाला। इसके बाद 2010, 2015, 2020 और अब 2025 में उन्होंने लगातार जीत हासिल की। फरवरी 2021 में नीतीश सरकार के कैबिनेट विस्तार में उन्हें पहली बार सड़क निर्माण मंत्री का पद मिला। उनकी मेहनत, संगठनात्मक कौशल और जनता के प्रति समर्पण ने उन्हें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की जिम्मेदारी दिलाई है। नितिन नविन की यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी मानी जा रही है।





