Walnuts: सिर्फ़ ‘ब्रेन फूड’ नहीं, जानिए कब और कितने खाने से बदल सकती है आपकी सेहत!

Walnuts: अखरोट को अक्सर “ब्रेन फूड” यानी दिमाग के लिए उत्तम फल कहा जाता है। यह सिर्फ स्वादिष्ट नहीं बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी है। अखरोट में ओमेगा-3 फैटी एसिड, प्रोटीन, एंटीऑक्सीडेंट और हेल्दी फैट्स जैसे कई पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर के लिए जरूरी हैं। लेकिन बहुत से लोग यह नहीं जानते कि इन्हें कब और कितनी मात्रा में खाना चाहिए। डॉ. चंचल शर्मा, निदेशक और स्त्री रोग विशेषज्ञ, आशा आयुर्वेद के अनुसार, अखरोट का नियमित सेवन न केवल आपकी सेहत बल्कि जीवनशैली पर भी सकारात्मक प्रभाव डालता है।
रोजाना अखरोट खाने के लाभ
जो लोग रोजाना 2-3 अखरोट खाते हैं, उनका शरीर स्वस्थ रहता है और कई बीमारियों का खतरा कम हो जाता है। दिल की बीमारियों में सुधार – रोजाना अखरोट खाने से अच्छे कोलेस्ट्रॉल (HDL) का स्तर बढ़ता है, रक्तचाप नियंत्रित रहता है और दिल की बीमारियों का खतरा घटता है। दिमाग़ के लिए फायदेमंद – अखरोट में मौजूद ओमेगा-3 आपकी याददाश्त को मजबूत करता है, ध्यान केंद्रित करने में मदद करता है और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देता है। छात्रों और ऑफिस कर्मियों के लिए इसका सेवन अत्यंत लाभकारी है। वजन नियंत्रण – अखरोट खाने से पेट लंबे समय तक भरा रहता है, जिससे अधिक खाने की इच्छा नहीं होती और मोटापे का खतरा कम होता है। त्वचा और बाल – नियमित सेवन से इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट आपकी त्वचा को निखारते हैं और बालों को मजबूत बनाते हैं।

सप्ताह में तीन बार अखरोट खाने के फायदे
जो लोग सप्ताह में तीन बार अखरोट खाते हैं, उन्हें भी ओमेगा-3 और अन्य पोषक तत्व मिलते हैं, लेकिन इसके प्रमुख लाभ थोड़े कम हो सकते हैं। आसानी से पचने वाले – अखरोट गरम फल होते हैं, जिनके लगातार सेवन से पेट फूलना या गर्मी बढ़ना जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए सप्ताह में तीन बार सेवन करना बेहतर है, जिससे यह आसानी से पचता है और पूरी तरह लाभ पहुँचाता है। मधुमेह और मोटापे के लिए उपयोगी – मधुमेह या अधिक वजन वाले लोग सप्ताह में तीन बार अखरोट का सेवन करना अधिक लाभकारी मानते हैं।
अखरोट का सही सेवन और सुझाव
डॉ. चंचल शर्मा के अनुसार, कुछ लोग नियमित अखरोट का सेवन कर विशेष लाभ उठा सकते हैं। दिमाग से जुड़े काम करने वाले लोग – छात्रों, ऑफिस कर्मियों और जिनका काम मानसिक गतिविधियों पर आधारित है, उन्हें अखरोट जरूर खाना चाहिए। हृदय संबंधी समस्याओं वाले लोग – दिल से जुड़ी बीमारियों वाले लोगों के लिए रोजाना या नियमित अंतराल पर अखरोट का सेवन अत्यंत लाभकारी है। पाचन क्षमता वाले लोग – जिनका पाचन ठीक है, वे अखरोट का सेवन रोजाना कर सकते हैं। पेट फूलने या एसिडिटी वाले लोग – ऐसे लोग सप्ताह में 3-4 बार अखरोट खाएं। इनके लिए पानी में भिगोकर अखरोट खाना और भी फायदेमंद होता है, क्योंकि इससे पाचन बेहतर होता है और पोषक तत्व आसानी से अवशोषित होते हैं।





